Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बीईएल कोटद्वार में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सत्यनिष्ठा पारदर्शिता जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से ही संस्थानों की समृद्धि सुनिश्चित होती है। वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सतर्कता तक सीमित नहीं है बल्कि यह प्रत्येक संस्थान की सुरक्षा गोपनीयता और विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने डिजिटल पहलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फिशिंग अटैक फर्जी ई-मेल सोशल इंजीनियरिंग डिजिटल अरेस्ट फर्जी निवेश योजनाओं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वॉयस क्लोनिंग जैसे आधुनिक साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से दस्तावेजों तकनीकी जानकारियों और संवेदनशील डेटा को अनधिकृत व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने संदिग्ध लिंक एवं अटैचमेंट से बचने मजबूत पासवर्ड और मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने तथा डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *