प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा नालसा के डॉन अभियान के अंतर्गत 14 से 27 नवंबर 2026 तक बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन और निर्देशन में इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल बड़ा भारूवाला क्लेमेंट टाउन देहरादून में नशे के विरुद्ध जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य शहजाद अली ने सचिव का स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिविर के प्रारंभ में सचिव ने छात्र-छात्राओं को नशे से बचाव और उससे दूर रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अपने संबोधन में बाल अधिकारों बाल संरक्षण लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो अधिनियम सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान साइबर सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों को आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत तंत्र की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके बाद प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने बच्चों को सचिव द्वारा दी गई जानकारी को अपने जीवन और दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुरुपयोग और उससे होने वाली हानि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बच्चों को बताया। इसके पश्चात सचिव ने विद्यालय में नशे के विरुद्ध विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराई। प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। सचिव ने प्रधानाचार्य को मेडिकल किट भी भेंट की जिसे पाकर बच्चे अत्यंत प्रसन्न हुए। कार्यक्रम स्थल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्प डेस्क भी लगाई गई जहां छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याओं के संबंध में प्राविधिक कार्यकर्ताओं से बातचीत की। कार्यक्रम के उपरांत नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई जिसे सचिव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल साजिदा और अंजना रंसवाल ने सहयोग प्रदान किया। शिविर में कुल 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
