Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) द्वारा आयोजित एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग और उसकी संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का विषय ‘शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता: संस्थागत बदलाव के लिए शिक्षण अनुसंधान नवाचार और सहयोग का नया स्वरूप’ रहा। इस दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मनु सूद ने शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती उपयोगिता तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अमित प्रकाश ने अपने व्याख्यान में शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप शिक्षण (पर्सनलाइज्ड लर्निंग) शिक्षण सहयोग और शोध में सहायता के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से प्रत्येक शिक्षार्थी की आवश्यकता और सीखने की गति के अनुरूप अध्ययन सामग्री तैयार की जा सकती है। इससे विद्यार्थियों को उनकी व्यक्तिगत सीखने की क्षमता के अनुसार अध्ययन करने में सहायता मिल सकती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और शिक्षण एवं शोध गतिविधियों को अधिक उपयोगी बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *