प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाष नगर में फायरिंग कर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार सहित 315 बोर की राइफल 12 बोर की पंप एक्शन गन और देशी पिस्टल के साथ जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस बरामद किए हैं। एक अन्य फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार वादी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर हरिद्वार की लिखित शिकायत पर आरोपित गुड्डू चौधरी मनोज कुमार अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 12 और 13 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को ब्रेजा और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार पांच व्यक्तियों ने वादी पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की थी। बताया गया कि मामूली विवाद के चलते प्रॉपर्टी डीलर ने अपने कार्यालय में काम करने वाले व्यक्ति पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना बुग्गावाला क्षेत्र से चार आरोपितों गुड्डू चौधरी पुत्र सतपाल सिंह निवासी शिवालिक नगर कोतवाली रानीपुर हरिद्वार मनोज कुमार निवासी ग्राम बिटावड़ा थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू पुत्र सतपाल सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी कोतवाली रानीपुर हरिद्वार तथा संदीप उर्फ मोनू पुत्र नरेंद्र निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर थाना छपरौली जिला बागपत उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार संख्या यूके08 बीक्यू 9009 भी बरामद की। बरामद असलहों में एक 315 बोर की राइफल के साथ छह जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस एक 12 बोर की पंप एक्शन गन के साथ चार जिंदा कारतूस तथा एक 32 बोर की देशी पिस्टल दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने मामले में चारों आरोपितों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अन्य संबंधित कानूनी प्रावधान भी जोड़े हैं। एक अन्य फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अलग से पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल उमेद सिंह सत्येंद्र सिंह नवीन छेत्री हुकुम सिंह रवि चौहान और संदीप कुमार शामिल रहे।
