Spread the love

प्रदीप कुमार
थराली-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया वर्दी के फर्ज के साथ सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। उन्होंने अपने वेतन से 11 हजार रुपये की धनराशि सूना गांव स्थित गौ सदन को निराश्रित गोवंशों के चारे और भरण-पोषण के लिए सहयोग स्वरूप प्रदान की। गौ सदन में वर्तमान में 42 निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष द्वारा दी गई धनराशि का उपयोग गोवंशों के लिए चारा भूसा एवं पौष्टिक आहार की व्यवस्था में किया जाएगा। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने यह धनराशि सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह को सौंपी और क्षेत्रवासियों से भी गौ सदन के संचालन तथा गोवंशों की देखभाल के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशु अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। उन्हें भी भूख ठंड और सड़क हादसों का दर्द सहना पड़ता है। पशुपालकों को अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर नहीं छोड़ना चाहिए और उनकी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। पशुओं को सुरक्षित रखना ही सच्ची गोसेवा है। गौ सदन में सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह प्रेमचंद देवराड़ी एवं अन्य सदस्य निस्वार्थ भाव से निराश्रित गोवंशों की देखभाल कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोग भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर इस कार्य में सहभागी बन रहे हैं। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर न छोड़ें। यदि कहीं निराश्रित गोवंश दिखाई दें तो इसकी सूचना संबंधित गौ सदन अथवा स्थानीय प्रशासन को दें ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय और उचित देखभाल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *