प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को 11.02 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय देहरादून उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के नेतृत्व में अवैध शराब और स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए थाना स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर नशा बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस ने सयान उर्फ नोनू पुत्र मोहर्रम निवासी मोहल्ला सोनिया बस्ती कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार को लालपुर से आगे नहर पटरी पर पुल जटवाड़ा की तरफ जाने वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.02 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में रेल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन कुमार तथा कांस्टेबल सुनील शर्मा कांस्टेबल अर्जुन चौहान और कांस्टेबल रविन्द्र चौहान शामिल रहे।
