प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद रुद्रप्रयाग में मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग से मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रदर्शन और जनजागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अभियान के तहत जनपद के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 07-केदारनाथ एवं 08-रुद्रप्रयाग के सभी मतदेय स्थलों के अंतर्गत आने वाले गांवों मोहल्लों मतदान केंद्रों क्लस्टरों तथा विद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों एवं जिलाधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 07-केदारनाथ के 173 तथा विधानसभा क्षेत्र 08-रुद्रप्रयाग के 191 मतदेय स्थलों सहित कुल 364 मतदेय स्थलों को कवर किया जाएगा। मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया और ईवीएम के संचालन के साथ ही वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग तथा संबंधित उपजिलाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग उपजिलाधिकारी कार्यालय ऊखीमठ उपजिलाधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग उपजिलाधिकारी कार्यालय जखोली तथा संबंधित निर्वाचन कार्यालय शामिल हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रदर्शन योजना के अनुसार अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना मतदान प्रक्रिया के प्रति उनकी शंकाओं का समाधान करना तथा स्वतंत्र निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना है।
