प्रदीप कुमार
श्रीकोट-श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकोट निवासी पूर्व सैनिक अनिल नौटियाल ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए टैक्सी में छूटी सोने की अंगूठी उसके मालिक को लौटा दी। अनिल नौटियाल का वाहन टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर में पंजीकृत है। बीते रोज उनके वाहन संख्या यूके 12 टीए 5584 से एक परिवार कीर्तिनगर से हरिद्वार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान परिवार के किसी सदस्य की सोने की अंगूठी वाहन की सीट पर छूट गई जिसका परिवार को पता नहीं चल पाया। परिवार को हरिद्वार छोड़ने के बाद अनिल नौटियाल जब अपना वाहन धुलवा रहे थे तो उनकी नजर सीट पर पड़ी अंगूठी पर गई। उन्होंने बिना देर किए परिवार के मुखिया को फोन कर अंगूठी मिलने की जानकारी दी। परिवार के मुखिया ने व्हाट्सएप के माध्यम से अंगूठी की फोटो भेजी जिसके मिलान के बाद अनिल नौटियाल ने अंगूठी लौटाने का निर्णय लिया। उनके इस ईमानदार कदम की संबंधित परिवार ने सराहना करते हुए अनिल नौटियाल और उनके पूरे परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर गढ़वाल के पदाधिकारियों स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी उनके इस कार्य की प्रशंसा की।
