Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने बीएचईएल सिडकुल बहादराबाद एवं रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अलग-अलग अनियमितताओं में कुल 187 चालान किए तथा 7 वाहनों को सीज किया। कार्रवाई के दौरान तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने सहित हेलमेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 70 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त बिना वैध परमिट वाहन संचालन परमिट की शर्तों का उल्लंघन ओवरलोडिंग अनधिकृत वाहन परिवर्तन प्रदूषण मानकों का उल्लंघन तथा फिटनेस बीमा ड्राइविंग लाइसेंस एवं कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान के दौरान बसों मालवाहक वाहनों टैक्सी ऑटो एवं दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने जैसे उल्लंघनों पर भी चालान किए गए। अभियान में वरुणा सैनी हरीश कुमार सती मुकेश भारती भारत भूषण अश्वनी कुमार एवं रविंद्र पाल सैनी द्वारा भी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें तथा वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र वैध रखें। विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्री परिवहन सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *