प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में समाज विरोधी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने एक आदतन एवं शातिर अपराधी को जिला बदर किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी रानीपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में समाज विरोधी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस द्वारा आदतन एवं शातिर अपराधी मनीष पुत्र सीताराम निवासी ग्राम पंजानहेड़ी थाना कनखल जनपद हरिद्वार उम्र 28 वर्ष के विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। पुलिस द्वारा अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय हरिद्वार में प्रभावी पैरवी किए जाने के फलस्वरूप अभियुक्त के विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए गए। उक्त आदेश के अनुपालन में 14 नवंबर 2026 को कनखल पुलिस ने न्यायालय के आदेश की नियमानुसार तामील कराते हुए अभियुक्त को जनपद हरिद्वार की सीमा से बाहर कर जिला बदर की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा बताया गया कि जनपद में आदतन एवं शातिर अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
