Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल।भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों पर उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून महानगर के धर्मपुर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शक्ति केंद्रों पर भी राज्य महोत्सव सम्मेलन आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण के ऐतिहासिक महत्व और राज्य आंदोलन के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य लंबे जनसंघर्ष आंदोलनों त्याग और बलिदान का परिणाम है। प्रदेश की जनता ने अपनी अलग पहचान सांस्कृतिक विरासत भौगोलिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय विकास की आकांक्षाओं को लेकर लंबे समय तक संघर्ष किया। मातृशक्ति युवाओं आंदोलनकारियों और प्रदेशवासियों के अथक प्रयासों एवं बलिदानों के फलस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एकजुट होकर संघर्ष करने और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों और शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार ने उत्तराखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों के साथ बर्बरता की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी समाजवादी पार्टी के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताकर अपनी मानसिकता जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी मानसिकता को समझने और समाज के सामने रखने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाने का कार्य किया है। वहीं उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार भी प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर ने भी कार्यकर्ताओं के साथ उत्तराखंड राज्य आंदोलन और उस दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य आंदोलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और बलिदान को सदैव याद रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम में महानगर महामंत्री विजेंद्र थपलियाल मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा आशीष शर्मा राहुल चौहान सुभाष बालियान सुरेंद्र गेल सहित पार्षदगण और पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *