Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/रायपुर/श्रीनगर गढवाल। समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने रायपुर विधानसभा के अधोईवाला क्षेत्र में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजानदास बहुत ही कर्मठ एवं जनप्रिय नेता हैं तथा निरंतर प्रदेश की समस्याओं के निवारण के लिए तैयार रहते हैं। इसी का परिणाम है कि आज 3.35 करोड़ रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार प्रदेश एवं क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही है। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनता के द्वार जनता की सरकार के संकल्प के साथ तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं बनाकर प्रदेशभर में चहुंमुखी विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की शिक्षा के प्रति व्यापक सोच के कारण ही यहां अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेड के छात्रावास और 44.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही आश्रम पद्धति विद्यालय में 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चारदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास मरम्मत एवं साज-सज्जा के कार्यों के साथ परिसर में नालियों और स्टोर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पारदर्शिता का ही परिणाम है कि आज देश एवं प्रदेशभर में तमाम लाभार्थियों को पेंशन छात्रवृत्ति सहित अनेक शासकीय अनुदानों का भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से उनके खातों में किया जा रहा है। मंत्री खजानदास ने कहा कि आश्रम पद्धति परिसर अधोईवाला में विभिन्न विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा लगातार की जा रही थी। उन्होंने विधायक को बधाई देते हुए कहा कि उनके लगातार जनसमस्याओं के निवारण के लिए समर्पित रहने का ही परिणाम है कि आज अधोईवाला क्षेत्र में अनेक योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद मंत्री खजानदास ने छात्रावास का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को छात्रावास में प्रोटीनयुक्त शुद्ध एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने साफ-सुथरे बिस्तर रखने और निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग संजय नेगी सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्धांकी उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी अशोक वर्मा गीता राम गौड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य गोपाल पुरी पार्षद त्रिलोक वर्गली वैभव अग्रवाल विशाल कुमार मंडल अध्यक्ष प्रकाश श्रीमती पूनम शर्मा राहुल लारा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि एवं छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *