प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी का मां धारी देवी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रहा है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की दिशा में शासन और प्रशासन स्तर पर कार्यवाही तेजी से आगे बढ़ रही है। पार्किंग निर्माण के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है और भूमि हस्तांतरण से लेकर तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया गतिमान है। महापौर आरती भंडारी ने चुनाव जीतने के बाद ही जनता से मां धारी देवी मंदिर क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया था। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मंदिर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण का अनुरोध किया था। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर पूर्व में की गई मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 61/2023 के तहत प्रस्तावित पार्किंग को नगर निगम श्रीनगर को आवंटित करने की मांग उठाई थी। महापौर ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में उल्लेख किया था कि मां धारी देवी मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेषकर नवरात्र और चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मंदिर के समीप अधिकृत पार्किंग नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि मंदिर तक जाने वाली सड़क का पक्कीकरण और पथ प्रकाश तथा साफ-सफाई एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं नगर निगम अपने संसाधनों से उपलब्ध करा रहा है। ऐसे में पार्किंग निर्माण और उसके संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम को दिए जाने का अनुरोध किया गया था। महापौर की पहल और मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अब पार्किंग परियोजना ने आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। पार्किंग निर्माण के लिए श्रीनगर तहसील के ग्राम कलियासौड़ पट्टी चलणल्यूं में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। प्रस्तावित योजना के तहत करीब 20 मीटर लंबाई और 70 मीटर चौड़ाई वाले क्षेत्र में दो मंजिला आधुनिक पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी समतुल्य कार स्थानों के बराबर वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। चिह्नित भूमि का भौगोलिक सूचना प्रणाली यानी जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी पूरा किया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव आवास उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। संस्था नामित होने के बाद पार्किंग का वास्तुशिल्पीय डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त संरचनात्मक अभियंता से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा ताकि निर्माण में मजबूती और सुरक्षा के साथ तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जा सके। पार्किंग के लिए चिह्नित भूमि के अभिलेख वर्तमान में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज हैं जबकि इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना आवश्यक है। अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की कार्यवाही प्रस्तावित है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने जनता से वादा किया था कि उत्तराखंड की रक्षक देवी मां धारी देवी के मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था कराने का हरसंभव प्रयास करेंगी। इसी वादे को पूरा करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया था और उन्हें पत्र भी सौंपा था। अब पार्किंग निर्माण की दिशा में सकारात्मक कार्यवाही आगे बढ़ रही है जो पूरे क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि मां धारी देवी मंदिर में देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। चारधाम यात्रा के दौरान यहां वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। महापौर ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक पार्किंग का निर्माण होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही श्रीनगर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। महापौर के चुनावी संकल्प से शुरू हुई यह पहल अब धरातल पर उतरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा चुकी है।
