Spread the love

प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने आ रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस तथा 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार रविवार 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एंबुश लगाया। इस दौरान पुलिस ने मौके से विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया जबकि तीसरा बदमाश मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो मुकुल ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र मगता उम्र 25 वर्ष निवासी वाल्मीकि बस्ती शिव मंदिर के पास कोतवाली बहादराबाद हरिद्वार और भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार उम्र 23 वर्ष निवासी मंसूरपुर झोरा थाना मंसूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर तथा मुकुल पुत्र कन्हैया उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम बमोरी पोस्ट बमोरी थाना सरधना जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं जबकि भूपेंद्र के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *