प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रविवार को श्रीनगर विधानसभा के चौरीखाल शक्ति केंद्र पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के बूथ नौगांव सहित सात बूथों चुठाणी और नालई तथा मरगांव और मथिगांव एवं चोपड़ा और गोदा के कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में गणेश भट्ट ने राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर के शक्ति केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को स्मरण कर रही है। साथ ही राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में चौरीखाल शक्ति केंद्र पर भी राज्य आंदोलन के साक्षी रहे आंदोलनकारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर गणेश भट्ट ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों में अनेक विकास कार्य हुए हैं। बूंखाल कालिका मंदिर के दिव्य एवं भव्य स्वरूप का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुए विकास कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण विरासत साबित होंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. धन सिंह रावत द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के संदर्भ में पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा श्रीनगर विधानसभा में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। गणेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाई जाए ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में श्रीनगर विधानसभा विस्तारक शैलेंद्र चौहान और मंडल महामंत्री कमल रावत सहित बूथ अध्यक्ष उत्तम सिंह तथा मनीष और ताजवर एवं आशा देवी और गोपाल तथा आसाराम और आशा कंडारी एवं भूपेंद्र तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह रावत और प्रकाश सती एवं महावीर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र सिंह रावत ने किया।
