प्रदीप कुमार
चमोली/बदरीनाथ/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम में ड्यूटी के दौरान चमोली पुलिस के एक जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महिला श्रद्धालु का खोया हुआ बैग सकुशल वापस लौटाया। बैग वापस मिलने पर महिला श्रद्धालु ने चमोली पुलिस और विशेष रूप से पुलिसकर्मी नवीन टम्टा का आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2026 को बदरीनाथ धाम में गोविंद पैलेस तिराहे पर ड्यूटी के दौरान आरक्षी नवीन टम्टा को एक बैग लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। पुलिसकर्मी ने बैग की तलाशी ली तो उसमें नकदी और आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा कीमती सामान मौजूद था। बैग में रखे सामान की अहमियत को समझते हुए आरक्षी नवीन टम्टा ने बिना देर किए बैग की स्वामिनी की तलाश शुरू की। उन्होंने अपने स्तर से लगातार प्रयास किए और महज 30 मिनट के भीतर बैग की स्वामिनी रेखा आर्य निवासी जनपद हरिद्वार को खोज लिया। इसके बाद बैग में रखी संपूर्ण नकदी और दस्तावेजों सहित अन्य कीमती सामान उन्हें सकुशल सौंप दिया। अपना खोया हुआ बैग और उसमें रखा एक-एक सामान सुरक्षित वापस पाकर महिला श्रद्धालु की चिंता दूर हुई और उनके चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस और विशेष रूप से आरक्षी नवीन टम्टा की ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठा एवं तत्परता की सराहना करते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया।
