Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। छठ पूजा पर्व के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को प्रातः थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के भरत घाट स्वामी नारायण घाट एवं स्वामी दयानंद घाट पर श्रद्धालुओं ने आस्था और उत्साह के साथ छठ पूजा धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के पावन तट पर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। छठ पूजा पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही तथा गंगा में स्नान और पूजा-अर्चना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। थाना मुनिकीरेती पुलिस के साथ जल पुलिस एवं फ्लड कंपनी के जवानों को भरत घाट स्वामी नारायण घाट और स्वामी दयानंद घाट सहित प्रमुख घाटों पर लगातार ड्यूटी पर तैनात रखा गया। पुलिस एवं जल पुलिस की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क रहीं और गंगा तटों पर निरंतर निगरानी रखी गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं जल पुलिस के जवानों ने श्रद्धालुओं को गंगा के गहरे पानी में नहीं जाने सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा-अर्चना करने तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं फ्लड कंपनी की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहीं। टिहरी पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। टिहरी पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों एवं गंगा घाटों पर पहुंचने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *