Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित पंचकेदारों में द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम के कपाट 16 नवंबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान मध्यमहेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मध्यमहेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के पश्चात भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को भगवान की उत्सव डोली मध्यमहेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके पश्चात 17 नवंबर को डोली गौण्डार से प्रस्थान कर राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। 18 नवंबर को रांसी से प्रस्थान कर डोली गिरिया गांव पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 19 नवंबर को भगवान मध्यमहेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान कर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। भगवान मध्यमहेश्वर की उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार स्वागत एवं पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात आगामी शीतकाल में भगवान मध्यमहेश्वर की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में ही संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान यहीं पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे। हिमालय की गोद में स्थित द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एवं आध्यात्मिक विश्वास का प्रमुख केंद्र है। इस अवसर पर बीकेटीसी के सदस्य डॉ.विनीत चंद्र पोस्ती और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी सहित धाम पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *