Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जा रहे जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत 16 नवंबर 2026 को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। इस दौरान शिकायतकर्ता अर्जुन पुत्र धर्म सिंह निवासी रावली महदूद ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी हरिद्वार में जमा नहीं किए जाने की शिकायत की। उन्होंने मेडिकल बिल जमा करवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं प्रार्थी मांगे पुत्र छोटे राजवीर पुत्र छजमल और सोमपाल पुत्र गंगाराम निवासी ग्राम गंगदासपुर तहसील लक्सर ने बताया कि बाढ़ग्रस्त होने के कारण उन्हें ग्राम फेरूपुर कठिया तहसील ज्वालापुर जनपद हरिद्वार में विस्थापित किया गया था। लेकिन गांव के कुछ दबंग व्यक्ति उनके आवंटित प्लॉटों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में सभी प्रार्थियों ने उपराजस्व निरीक्षक से प्लॉटों की पैमाइश करवाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। शिकायतकर्ता चमन चौहान निवासी सलेमपुर महदूद ने ग्राम सलेमपुर महदूद में होलिका दहन स्थल एवं विद्यालय के पास संचालित हो रही खुली मीट की अवैध दुकानों को बंद करवाने की मांग की। उन्होंने सलेमपुर में प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर डाले जा रहे कूड़े सहित गांव के विभिन्न स्थानों पर कूड़े की समस्या का शीघ्र निस्तारण करवाने के संबंध में भी प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटवाने की मांग की। वहीं शिकायतकर्ता पंकज राणा ने सलेमपुर महदूद स्थित सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि खसरा संख्या 1772 में स्थित सरकारी चकरोड पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा किया हुआ है। उन्होंने अवैध कब्जा हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता की ओर से दर्ज कराई जा रही समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के निस्तारण के लिए स्थलीय निरीक्षण किया जाना आवश्यक है उन पर संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की ओर से दर्ज कराई जाने वाली प्रत्येक समस्या का संबंधित अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके सिंह जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी और अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *