Spread the love

प्रदीप कुमार
थलीसैंण/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मंगलवार को थलीसैंण क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के साथ ग्रामीण विकास तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि से निर्मित भवन का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार का निरंतर प्रयास है। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि से निर्मित एक-एक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अध्ययन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना सरकार का संकल्प है ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिल सकें। इस दौरान नगर पंचायत थलीसैंण में 47.56 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही नगर पंचायत कैन्यूर थलीसैंण में 1.72 करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से कूड़ा निस्तारण के लिए प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन कूड़ेदान वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में 40 लाख रुपये की लागत से पिंक शौचालय और गौशाला निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। थलीसैंण क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 100 आवासों का भी उल्लेख किया गया। क्षेत्र में मिनी पार्किंग और पुस्तकालय के साथ बच्चों के लिए पार्क विकसित करने की योजनाएं भी शामिल हैं। तहसील के लिए 36 लाख रुपये और ब्लॉक मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 43 लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। ब्लॉक के गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा तीन पटवारी चौकियों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की धनराशि का उल्लेख किया गया। ग्रामसभा कपरोली में महिला मंगल दल की मातृशक्ति को संस्कृति संरक्षण और पारंपरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने महिला मंगल दल की सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण के साथ सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। कार्यक्रमों में मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी और पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी के साथ रणवीर तथा वैशाख सिंह और मोहन सिंह तथा आनंद सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज रावत और मंडल महामंत्री राकेश ममगाईं तथा कमल सिंह रावत और युवा मोर्चा अध्यक्ष दिलीप सिंह रावत एवं सभासद सत्य सिंह और अमर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *