Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/ श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट के उपयोग को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में 18 नवंबर 2026 से ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय नई टिहरी में एक ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी कार्यालय में एक-एक डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। ये केंद्र घनसाली और देवप्रयाग तथा नरेंद्रनगर और प्रतापनगर के साथ टिहरी एवं धनोल्टी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित होंगे। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन तैनात की जाएंगी। इस प्रकार जनपद में कुल 12 मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। ये वैन 18 नवंबर से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण शुरू करेंगी। मोबाइल वैन के माध्यम से घनसाली विधानसभा क्षेत्र के 161 मतदान स्थलों और देवप्रयाग के 152 मतदान स्थलों तथा नरेंद्रनगर के 162 मतदान स्थलों को कवर किया जाएगा। इसी प्रकार प्रतापनगर के 147 और टिहरी के 149 तथा धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के 192 मतदान स्थलों को कम से कम एक बार कवर किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन द्वारा घनसाली विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान स्थलों को 18 दिसंबर 2026 तक कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मतदान स्थलों को 24 दिसंबर तक और नरेंद्रनगर को 17 दिसंबर तक कवर किया जाएगा। इसी क्रम में प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान स्थलों को 9 दिसंबर तक तथा टिहरी और धनोल्टी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान स्थलों को 17 दिसंबर 2026 तक कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन का विधानसभा क्षेत्रवार तैयार रूट चार्ट जिला निर्वाचन अधिकारी टिहरी गढ़वाल की आधिकारिक वेबसाइट tehri.nic.in पर आम जनता के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया गया है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक मतदाता जिला मुख्यालय और उप जिला मुख्यालय के साथ ही रूट चार्ट के अनुसार निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सकते हैं। अभियान के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 01376-1950 अथवा 01376-232164 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *