Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के अंतर्गत उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में भी विभिन्न आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की उपस्थिति में जनपद के इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में प्रतिभाग किया। इस दौरान मॉक ड्रिल के सफल आयोजन और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपसी समन्वय को लेकर जानकारी दी गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की है। इसी क्रम में 25 नवंबर को सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज और 28 नवंबर को राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती और आपातकालीन संचार व्यवस्था के साथ घायलों का उपचार तथा सुरक्षित निकासी की तैयारियों को परखना है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की व्यवस्था का भी परीक्षण किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपदों में लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना का अभ्यास भी किया जाएगा। इन शिविरों में बिजली और पेयजल तथा भोजन के साथ प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था का परीक्षण होगा। इसके अलावा शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी परखी जाएगी। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एसडीआरएफ और पुलिस तथा अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ राजस्व और लोक निर्माण तथा विद्युत और पेयजल विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *