Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय सोशल मीडिया बैठक मंगलवार को श्रीनगर स्थित भाजपा मंडल कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी और प्रदेश सह-संयोजक सोशल मीडिया करुण दत्ता ने जिला एवं मंडल स्तर के सोशल मीडिया पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और संगठनात्मक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के साथ आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में पार्टी के सभी सोशल मीडिया पदाधिकारियों को इसका सकारात्मक एवं रचनात्मक सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की नीतियों और सरकार की योजनाओं के साथ विकास कार्यों तथा पार्टी की गतिविधियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया टीम को सक्रिय और संगठित बनाने के साथ तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर जोर दिया। उन्होंने उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं की सरलता और भावनात्मक जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने जिला एवं मंडल स्तर की टीमों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के विभिन्न तरीके भी बताए। इस अवसर पर प्रदेश सह-संयोजक सोशल मीडिया करुण दत्ता ने कहा कि सोशल मीडिया से जुड़ी ऐसी बैठकें आगे भी आयोजित की जाती रहेंगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित रूप से सक्रिय रहने और संगठन के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को डिजिटल मंचों पर प्रमुखता से साझा करने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने भी सोशल मीडिया विभाग के सभी पदाधिकारियों को सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी ने प्रदेश एवं केंद्र से आए मुख्य वक्ताओं का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पौड़ी जिले की सोशल मीडिया टीम पूरी सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएगी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत और जिला महामंत्री गणेश भट्ट के साथ जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी तथा जिला सोशल मीडिया सह संयोजक संजय वर्मा एवं राजेश्वरी पुरी और रेखा रावत तथा रेनू सुंदरियाल और विशोदा देवी एवं मधु काला तथा अनंत भंडारी और सोनी कौर एवं सूर्या नौटियाल सहित जिला एवं मंडल स्तर के सोशल मीडिया पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *