प्रदीप कुमार
चमोली/पांडुकेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद मंगलवार 17 नवंबर की सुबह भगवान बद्री विशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी और खजांची कुबेर जी की देव डोलियों के साथ आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ने शीतकालीन प्रवास के लिए बदरीनाथ धाम से प्रस्थान किया। इस दौरान चमोली पुलिस की ओर से सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए। पुलिस सुरक्षा और निगरानी के बीच धार्मिक परंपराओं तथा वैदिक विधि-विधान के साथ देव डोलियां पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर पहुंचीं। यहां आगामी छह माह तक भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की पूजा-अर्चना संपन्न होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर 2026 को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और भगवान गरुड़ जी की डोली ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद आगामी छह माह तक श्रद्धालु पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर और ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में भगवान के दर्शन कर सकेंगे तथा शीतकालीन पूजा-अर्चना में शामिल हो सकेंगे। इसके साथ ही जनपद चमोली में शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा। अब श्रद्धालु शीतकाल के दौरान भी भगवान बद्री विशाल के शीतकालीन पूजा स्थलों पर पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे। चमोली पुलिस की ओर से शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
