Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना-2027 के सफल संचालन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कार्मिकों के लिए विशेष स्वगणना प्रशिक्षण एवं शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वीप की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वगणना के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कार्मिकों की शत-प्रतिशत स्वगणना सुनिश्चित करना रहा। शिविर में निदेशालय के मास्टर ट्रेनर एवं जनपद कोऑर्डिनेटर पंकज सिंह और मास्टर ट्रेनर जनगणना-2027 एवं जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खान तथा अपर सांख्यिकीय अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर जनगणना-2027 धारा सिंह ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने कुल 116 अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वगणना पोर्टल पर पंजीकरण कराने और आवश्यक विवरण भरने के साथ परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारियां दर्ज करने तथा स्वगणना प्रक्रिया पूरी करने के विभिन्न चरणों के बारे में बताया। साथ ही प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी पहलुओं और जरूरी सावधानियों की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों से मौके पर ही ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने विभागों में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दें तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वीप के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। शिविर में उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों और विभागीय कार्मिकों से अपने-अपने विभागों के समस्त कार्मिकों की शत-प्रतिशत स्वगणना सुनिश्चित कराने की अपील की गई। साथ ही जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निर्धारित समयावधि में स्वगणना पूरी कराने के निर्देश दिए गए। जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जनगणना केशव गैरोला तथा मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *