Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से मंगलवार को परिवहन विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में यह निरीक्षण राज्यव्यापी स्तर पर 16 से 22 नवंबर तक संचालित एक सप्ताह के विशेष सघन निरीक्षण अभियान के अंतर्गत किया गया। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराना है। निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र और फिटनेस प्रमाण-पत्र के साथ परमिट बीमा तथा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र की जांच की गई। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बसों में अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटिका के साथ आपातकालीन निकास तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता जांची गई। वाहन चालकों एवं विद्यालय प्रबंधन को मोटर वाहन अधिनियम 1988 और केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली 1989 के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने और गति सीमा का पालन करने के साथ ओवरस्पीडिंग तथा ओवरलोडिंग से बचने को कहा गया। बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने तथा सभी सुरक्षा उपकरणों को कार्यशील बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। वाहन चालकों को वाहन संचालन के दौरान सावधानी बरतने और यातायात संकेतों तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। बच्चों को बस में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखने के प्रति जागरूक किया गया। निरीक्षण अभियान में आरटीओ विमल पाण्डेय और एआरटीओ पौड़ी मंगल सिंह के साथ आरआई पौड़ी विपिन रावत तथा चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा और अधिकार मित्र विनीता चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *