Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। 23 नवंबर से शुरू होने वाले दस दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। आवास विकास मैदान में टेंट लगाने के साथ ही झूले और चरखी स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को महापौर आरती भंडारी ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में चल रहे निर्माण और व्यवस्थागत कार्यों को देखा तथा संबंधित ठेकेदारों और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के साथ ही व्यापारियों तथा बाहर से पहुंचने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय रहते और पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं ताकि मेले का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों से मेला स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। हर वर्ष इस मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की ओर से मेला स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप में आयोजित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुविधाजनक माहौल मिले इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान नगर आयुक्त नुपुर वर्मा और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार के साथ कनिष्ठ अभियंता सूरज तथा पार्षदगण सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होगी। मेले को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और मैदान में शुरू हुई तैयारियों के साथ ही मेले की रौनक धीरे-धीरे दिखाई देने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *