Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की पहल पर बुधवार 18 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में गढ़वाल स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 1 हजार 429 युवाओं ने इसके लिए पंजीकरण करा लिया है जबकि आयोजन तक यह संख्या बढ़कर 2 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस रोजगार मेले में लगभग 55 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने राजकीय पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न तकनीकी संस्थानों से पासआउट हुए छात्र-छात्राओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है ताकि युवाओं को अपनी योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके। डॉ. रावत ने बताया कि उनके विभागों के माध्यम से अब तक लगभग 24 हजार नियुक्तियां हो चुकी हैं। इसी क्रम में श्रीनगर में आयोजित होने जा रहे इस रोजगार मेले के माध्यम से भी करीब 2 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक के उप निदेशक एसके वर्मा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की पहल पर 18 नवंबर को यह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इसमें वर्तमान सत्र के पासआउट छात्र-छात्राओं के साथ-साथ पिछले वर्ष पासआउट हुए युवाओं को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई युवा पूर्व पंजीकरण नहीं करा पाया है तो वह रोजगार मेले में सीधे पहुंचकर भी अपना पंजीकरण करा सकता है और चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 55 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए श्रीनगर में आयोजित होने जा रहा यह रोजगार मेला रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। विशेष रूप से राजकीय पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों से पासआउट युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने और रोजगार की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *