प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा जनपद में स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी और चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने स्कूली बसों और अन्य स्कूली वाहनों का निरीक्षण कर उनकी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वाहनों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र प्राथमिक उपचार किट आपातकालीन निकास व्यवस्था बैठने की निर्धारित क्षमता और वाहनों की तकनीकी स्थिति की जांच की गई। इसके साथ ही वाहन चालकों और परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने वाहन संचालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को सुरक्षित तरीके से वाहनों में चढ़ाने और उतारने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। पौड़ी पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके सुरक्षित आवागमन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए स्कूली वाहनों की चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी।
