प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार ने कोतवाली श्रीनगर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण किया और कार्यालय में रखे राजकीय एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान मालखाना बैरक मैस सीसीटीएनएस कक्ष और सीसीटीवी प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। मालखाने में रखी सरकारी संपत्ति शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन करते हुए क्षेत्राधिकारी ने शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग और उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस कार्मिकों को आमजन के साथ मृदु एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने और अपने-अपने बीट क्षेत्रों की समुचित जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जन-पुलिस समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही साइबर अपराधों महिला संबंधी अपराधों और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अधिकाधिक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
