Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग की ओर से सिडकुल एवं भेल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान में स्कूली बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की उपस्थिति में कुल 35 स्कूली बसों एवं बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने के कारण दो बसों को सीज किया गया। सीज की गई बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। बच्चों को अन्य बसों में सुरक्षित स्थानांतरित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना करने की व्यवस्था की गई। अभियान के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को निर्देश दिए गए कि बच्चों के परिवहन में सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें और वाहनों के आवश्यक दस्तावेज वैध रखें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *