प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी नई टिहरी में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने विद्यालय में उपस्थित सभी बालिकाओं को बाल विवाह के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही उनकी शिक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें नंदा गौरा योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना चाइल्ड हेल्पलाइन और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना शामिल हैं। उन्होंने इन योजनाओं का लाभ उठाने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर विकास शाह ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई। विद्यालय की प्रधानाध्यापक श्वेता भद्री ने भी बाल विवाह से होने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में बाल विकास विभाग से सौरभ रावत रजनी लखेड़ा उमा पंवार मनीषा सकलानी सचिन गैरोला अखिल नकोटी आरती बिष्ट और नीलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
