Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी) रुद्रप्रयाग में जूट उत्पाद निर्माण एवं सिलाई का प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद की 22 महिलाएं पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को जूट से विभिन्न प्रकार के आकर्षक सजावटी और उपयोगी उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें सिलाई के क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए सलवार-सूट और प्लाजो पैंट सहित विभिन्न प्रकार के परिधानों की कटिंग सिलाई एवं डिजाइनिंग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। महिलाएं जूट से फैंसी आइटम और दैनिक उपयोग की सामग्री तैयार करने की बारीकियां सीख रही हैं ताकि वे अपनी रचनात्मकता और हुनर को रोजगार के अवसरों में बदल सकें। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं अपने घरों से ही सिलाई एवं जूट उत्पाद निर्माण का कार्य शुरू कर सकती हैं। इसके साथ ही स्थानीय बाजारों में अपने उत्पादों की बिक्री कर नियमित आय अर्जित करने के अवसर भी प्राप्त कर सकती हैं। इस प्रकार एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास का अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *