प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में आयोजित पांच दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन मशरूम उत्पादन स्पॉन निर्माण प्रयोगशाला प्रबंधन प्रसंस्करण और उद्यमिता के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.आरएस नेगी ने व्यावहारिक सत्र में मशरूम स्पॉन प्रयोगशाला की संरचना आवश्यक सुविधाओं और प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण स्पॉन उत्पादन के लिए तापमान आर्द्रता स्वच्छता और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मशरूम उत्पादन कक्षों की संरचना प्रकाश की आवश्यकता तथा प्रयोगशाला प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को भी समझाया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन के लिए बैग तैयार करने सब्सट्रेट में नमी बनाए रखने जल प्रबंधन और संक्रमण से बचाव की व्यावहारिक जानकारी दी गई। उन्होंने मशरूम की विभिन्न प्रजातियों की उत्पादन तकनीकों कटाई प्रसंस्करण और विपणन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान समय पर तुड़ाई ब्लांचिंग और उचित भंडारण के महत्व की जानकारी भी दी गई। डॉ.केएन शाह ने अपने व्याख्यान में मशरूम की मूलभूत अवधारणाओं उसके महत्व और पोषण संबंधी विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मशरूम की पहचान विभिन्न प्रजातियों की विशेषताओं और उनके उपयोग के बारे में बताया। साथ ही मशरूम उत्पादन के लिए उपयुक्त सब्सट्रेट के चयन और उसकी तैयारी की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मशरूम के पोषण मूल्य और मानव आहार में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को मशरूम की वैज्ञानिक समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अतिथि वक्ता नितेश रावत कार्यक्रम समन्वयक सुविधा इंडिया ने मशरूम उत्पादन और उद्यमिता के क्षेत्र में अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मशरूम आधारित उद्यमों को सफल बनाने के लिए किसानों को बाजार की मांग आपूर्ति व्यवस्था और स्थानीय संसाधनों की संभावनाओं को समझना आवश्यक है। उन्होंने सब्सट्रेट पाश्चुरीकरण स्पॉनिंग उचित समय पर कटाई भंडारण और मूल्य संवर्धन की तकनीकों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने मशरूम उत्पादन इकाइयों के निर्माण में इंसुलेटेड सैंडविच पैनल स्वच्छता और उपयुक्त उत्पादन परिस्थितियों के महत्व को समझाया। उन्होंने गैनोडर्मा कॉर्डिसेप्स मिल्की ऑयस्टर और किंग ऑयस्टर जैसी मशरूम प्रजातियों की व्यावसायिक संभावनाओं पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि मशरूम उत्पादन कम भूमि और उपलब्ध कृषि संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से अतिरिक्त आय तथा स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बन सकता है। वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों प्रसंस्करण और प्रभावी विपणन को अपनाकर पर्वतीय क्षेत्रों में भी मशरूम आधारित उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के शिक्षकों और आयोजन समिति का सहयोग रहा। प्रशिक्षण का दूसरा दिन प्रतिभागियों के लिए तकनीकी ज्ञान व्यावहारिक अनुभव और उद्यमिता की संभावनाओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा।
