Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान यानी वीसीएसजी मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सेंटिनल निगरानी केंद्र की ओर से राष्ट्रीय एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते अनावश्यक उपयोग और इससे उत्पन्न हो रहे रोगाणुरोधी प्रतिरोध यानी एएमआर के खतरे पर चर्चा की। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘एक स्वास्थ्य एक कदम : एएमआर की रोकथाम आज ही करें’ रखी गई है। मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और पुष्प अभिनंदन के साथ हुआ। संस्थान के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने स्वागत संबोधन में कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध एक गंभीर खतरा है जो धीरे-धीरे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने चुनौती बनता जा रहा है। एंटीबायोटिक दवाओं की खोज ने चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। इनके कारण गंभीर संक्रमणों का उपचार करने के साथ ही जटिल शल्य चिकित्सा और कैंसर का इलाज संभव हुआ है। अंग प्रत्यारोपण तथा नवजात शिशुओं की देखभाल में भी इन दवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। हालांकि इनके अनावश्यक और अनुचित इस्तेमाल से प्रभावशीलता लगातार कम हो रही है। डॉ.रावत ने बताया कि वर्ष 2021 में दुनिया भर में दवा प्रतिरोधी जीवाणु संक्रमणों के कारण 10 लाख से अधिक लोगों की प्रत्यक्ष मृत्यु हुई जबकि लगभग 50 लाख मौतों में इन संक्रमणों की भूमिका रही। भारत में भी करीब 2.67 लाख लोगों की मृत्यु सीधे दवा प्रतिरोध के कारण हुई। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है। अस्पतालों में चिकित्सकों को ऐसे मरीजों का सामना करना पड़ रहा है जिन पर सामान्य एंटीबायोटिक दवाएं भी असर नहीं कर रही हैं। कई बार गंभीर मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध विकल्प भी सीमित हो जाते हैं। उन्होंने रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए ‘वन हेल्थ’ यानी एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि मानव स्वास्थ्य और पशु स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण भी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अस्पतालों में एंटीबायोटिक का अनुचित उपयोग और पशुओं एवं मुर्गियों को बिना आवश्यकता दवाएं देना इस समस्या को बढ़ाता है। इसके साथ ही अस्पतालों और कृषि एवं औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला अपशिष्ट जलस्रोतों और मिट्टी तक पहुंचकर रोगाणुरोधी प्रतिरोध को बढ़ावा देता है। इसलिए चिकित्सकों और पशु चिकित्सकों के साथ फार्मासिस्टों तथा किसानों और पर्यावरण विशेषज्ञों एवं आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। प्राचार्य ने चिकित्सकों से एंटीबायोटिक लिखने से पहले आवश्यक जांच और कल्चर परीक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने मरीजों को सही दवा और उचित खुराक के साथ निर्धारित अवधि तक ही दवा लेने की सलाह देने को कहा। नर्सिंग कर्मियों को हाथों की स्वच्छता और सुरक्षित इंजेक्शन के साथ संक्रमण नियंत्रण के उपाय प्रभावी ढंग से अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने फार्मासिस्टों से बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक दवाएं उपलब्ध न कराने और मेडिकल विद्यार्थियों से दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। आम नागरिकों से स्वयं एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेने और सामान्य सर्दी-जुकाम में इनकी मांग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही दवा लें और बची हुई दवाएं किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। समय पर टीकाकरण कराने के साथ स्वच्छ पानी और बेहतर स्वच्छता अपनाकर संक्रमणों को रोका जा सकता है। संक्रमण की रोकथाम ही रोगाणुरोधी प्रतिरोध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम में औषध विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.विवेक द्विवेदी ने एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं प्रबंधन पर व्याख्यान दिया। इसके बाद एचएनबी बेस चिकित्सालय श्रीनगर की वार्षिक एंटीबायोग्राम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘रोगाणुरोधी प्रतिरोध : एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ.विनिता रावत ने किया। परिचर्चा में प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत और एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के वानिकी विभागाध्यक्ष डॉ.डीएस चौहान ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार डॉ.सुधीर भट्ट और औषध विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ.किंगशुक लाहोन तथा बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ.सीएम शर्मा भी चर्चा में शामिल हुए। रोग अन्वेषण प्रयोगशाला श्रीनगर की पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.ऋचा पचौरी और सामुदायिक चिकित्सा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान संस्थान की ओर से रोगाणुरोधी प्रतिरोध की निगरानी और एंटीबायोटिक के उचित उपयोग के साथ संक्रमण नियंत्रण तथा चिकित्सा विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सुश्री अंकिता थपलियाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *