प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। सूबे के तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में गढ़वाल मंडल के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं की चयन प्रक्रिया संपन्न की। कंपनियों से जॉब ऑफर मिलने पर युवाओं के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से रोजगार मेले में प्रतिभाग किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तकनीकी शिक्षा विभाग रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने और अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने के साथ रोजगार की संभावनाओं को साकार करने में मदद करते हैं। उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार से जोड़ने में भी इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल में निरंतर वृद्धि करने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। रोजगार मेले में प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद किया। उनकी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल एवं कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया संपन्न की गई। एक ही मंच पर विभिन्न औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की सहभागिता से विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों तथा औद्योगिक क्षेत्र की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिला। रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एसके वर्मा और राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल शाह ने किया। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान और भाजपा पौड़ी के जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत तथा भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल एवं निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज और परीक्षा नियंत्रक डॉ.मुकेश पांडेय तथा सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ.राजेश उपाध्याय एवं उप निदेशक एमके कन्याल सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि और प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
