प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें स्कूली वाहनों की सघन जांच कर रही हैं। इस दौरान वाहनों की फिटनेस और परमिट के साथ बीमा तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारियों की संख्या और ओवरलोडिंग की जांच की जा रही है। इसके अलावा वाहनों में उपलब्ध आवश्यक सुरक्षा उपकरणों सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। चेकिंग के दौरान वाहनों में किसी भी प्रकार की कमी या यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों और संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान स्कूली वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पौड़ी पुलिस और परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
