Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल और अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव सीमा डुंगराकोटी की ओर से स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बुधवार 18 नवंबर को परिवहन विभाग की टीम के साथ देहरादून के ईसी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई प्रतिष्ठित और नामी-गिरामी विद्यालयों की बसों में भी सुरक्षा संबंधी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई बसों में प्राथमिक उपचार बॉक्स उचित स्थिति में नहीं मिले और कुछ बसों में उपलब्ध दवाइयां एक्सपायरी पाई गईं। कई बसों में सीसीटीवी कैमरे तो लगे थे लेकिन रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर उपलब्ध नहीं था। कुछ वाहनों के कागजात भी मौके पर नहीं दिखाए गए। निरीक्षण में सबसे चिंताजनक स्थिति आपातकालीन निकास द्वार को लेकर सामने आई। कई बसों के चालक और अटेंडेंट को यह जानकारी तक नहीं थी कि आपातकालीन स्थिति में निकास द्वार किस प्रकार खोला जाता है। कुछ बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने ही सीटें लगा दी गई थीं जिससे आपात स्थिति में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध नहीं था। कई वाहनों में विंडो ग्रिल भी नहीं लगी मिली। इसके अतिरिक्त कुछ वाहनों को तेज गति से संचालित होते हुए पाया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते हुए भी पाया गया। प्राधिकरण के अनुसार सुरक्षा संबंधी कमियां केवल छोटे वाहनों तक सीमित नहीं हैं बल्कि जनपद के कई प्रतिष्ठित और बड़े विद्यालयों की बसों में भी मिली हैं। इन कमियों और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर एडवाइजरी जारी करने पर भी विचार कर रहा है। अभियान के दौरान अभिभावकों की ओर से भी सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही का मामला सामने आया। एक व्यक्ति अपने दोनों बच्चों को स्कूटर के आगे खड़ा करके और उनके स्कूल बैग हाथों में लेकर बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए मिला। उसे मौके पर रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और बच्चों को इस तरह जोखिम में डालने के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया। उल्लेखनीय है कि 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद में लगभग 375 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है और अनियमितताएं मिलने पर लगभग 142 वाहनों के चालान किए गए हैं। अभियान के तहत स्कूल बसों और वैन के साथ बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। स्कूली वाहनों में आपातकालीन निकास द्वार अवरुद्ध होना और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना गंभीर लापरवाही है। चालक और अटेंडेंट को भी आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को प्रत्येक वाहन को सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखना होगा। अभिभावकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि विशेष सघन निरीक्षण अभियान आगामी 22 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के समन्वय से स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राधिकरण ने सभी विद्यालय प्रबंधनों और वाहन संचालकों के साथ अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन एवं यातायात संबंधी सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *