प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और माउंटेन बाइकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पांचवें संस्करण ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज-2026’ का समापन आगामी 26 नवंबर को मसूरी के लक्ष्मणपुरी में होगा। समापन कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन और समापन कार्यक्रम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 18 से 26 नवंबर 2026 तक संचालित की जा रही है। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को सुबहखोली से होते हुए मसूरी बाईपास तिराहे स्थित लक्ष्मणपुरी में होगा। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को सुबहखोली और फिनिशिंग प्वाइंट पर चिकित्सकीय टीम के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को रैली मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को रैली के समापन अवसर पर मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रतियोगिता के फिनिशिंग प्वाइंट पर प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल को स्वयंसेवकों और पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। खेल विभाग को आवश्यकतानुसार खेल प्रशिक्षकों की तैनाती करने तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को फिनिशिंग प्वाइंट और अन्य प्रमुख स्थलों पर एसडीआरएफ की टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को सुबहखोली से फिनिशिंग प्वाइंट और मसूरी तक यातायात व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया। नगर पालिका परिषद मसूरी को रैली मार्ग पर साफ-सफाई और सफाई कर्मियों की तैनाती के साथ डस्टबिन की व्यवस्था करने तथा मार्ग संकेतक बोर्ड और मार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही फिनिशिंग प्वाइंट पर सामुदायिक साफ-सफाई की व्यवस्था करने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार के साथ जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग एवं पुलिस के टीआई नरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
