प्रदीप कुमार
चमोली/गौचर/श्रीनगर गढ़वाल। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले-2026 के अंतर्गत बुधवार को बहुद्देशीय भवन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में प्रेस सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत और उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने की जबकि प्रेस क्लब गौचर के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने उपाध्यक्षता की। प्रेस सम्मेलन के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों ने जनहित से संबंधित विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों तथा विभागीय योजनाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर सवाल पूछे। अधिकारियों ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का यथासंभव विस्तारपूर्वक जवाब दिया। वहीं आंकड़ों से संबंधित और जिन प्रश्नों के उत्तर तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके उनके जवाब जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से लिखित रूप में पत्रकारों को उपलब्ध कराए जाएंगे। उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने गौचर मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत ने पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद को विकास और जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संवाद से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में मदद मिलती है। सम्मेलन के दौरान पत्रकारों ने आगामी वर्षों में प्रेस सम्मेलन को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। इसके उपरांत जनपद में सक्रिय एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के लिए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की और राज कुमार तिवाड़ी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के पत्रकारों और विभागीय अधिकारियों के साथ सूचना विभाग से अशोक सेमवाल तथा पुष्कर और सुरेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
