प्रदीप कुमार
पौड़ी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की टीम ने आदर्श मॉडर्न स्कूल प्रेमनगर और राजकीय इंटर कॉलेज मैसमोर पौड़ी में बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को कृमिनाशक दवा के महत्व और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी। दोनों विद्यालयों में कुल 144 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जनपद में एक से 19 वर्ष तक की आयु के 74060 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। किसी कारणवश दवा खाने से छूट गए बच्चों को 25 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में हड़ताल के कारण वहां पंजीकृत बच्चों को दवा नहीं खिलाई जा सकी। हड़ताल समाप्त होने के बाद राज्य से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों और समस्त विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण नैथानी और डॉ.योगेंद्र सिंह तथा आरकेएसके मैनेजर मनमोहन पटवाल एवं आरबीएसके मैनेजर निम्मी कुकरेती के साथ शुभम रावत और वैजयंती रावत सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
