प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए चमोली जनपद के नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर पंचायत बदरीनाथ ने स्वच्छता के साथ कचरा प्रबंधन को आय का माध्यम बनाकर एक पहल की है। नगर पंचायत ने इस वर्ष यात्रा काल में कुल 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसका प्रसंस्करण किया और कचरे से उपयोगी सामग्री तैयार कर उसके विपणन के माध्यम से नौ लाख रुपये की आय अर्जित की। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत की ओर से सुबह और शाम नियमित सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है ताकि घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके। नगर पंचायत द्वारा एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में प्रसंस्कृत किया जाता है। वहीं प्लास्टिक कचरे से ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं और उनका विपणन किया जा रहा है। इससे एक ओर कचरे का उचित निस्तारण हो रहा है तो दूसरी ओर नगर पंचायत को आय भी प्राप्त हो रही है। यात्रा समाप्त होने के बाद भी नगर पंचायत की ओर से बदरीनाथ धाम में गहन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ कचरे के पुनर्चक्रण की यह पहल चारधाम यात्रा मार्गों को स्वच्छ बनाए रखने में सहायक हो रही है। साथ ही यह स्थानीय निकायों के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने का माध्यम भी बन रही है।
