Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला के दूसरे दिन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और सतत विकास को लेकर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों तथा राज्य शासन के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों ने विस्तृत चर्चा की। कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियोजन और निर्माण से लेकर उनके संचालन तथा रखरखाव को अधिक प्रभावी बनाना और उनके दीर्घकालिक उपयोग को सुनिश्चित करना है। इस दौरान विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव और प्रबंधन के लिए विस्तृत एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर काम किया गया। इसमें देहरादून स्थित आईएसबीटी आवासीय सोसायटी एवं पार्किंग सुविधा और आयुष अस्पताल भवन एवं आवश्यक सेवाओं के साथ शीशमबाड़ा स्थित सीवेज अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा पर चर्चा की गई। इसके अलावा ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने और पूरे उत्तराखंड में पार्किंग सुविधाओं के प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श हुआ। नैनीताल स्थित कैंची बहुमंजिला पार्किंग सुविधा तथा ग्रामीण सड़क बुनियादी ढांचे के रखरखाव और मूल्यांकन को लेकर भी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (यूएनडीईएसए) की ओर से संयुक्त राष्ट्र अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन टूलकिट (यूएन-आईएएम टूलकिट) के उपयोग को लेकर प्रतिभागियों को विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके माध्यम से सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन और उनके बेहतर उपयोग से संबंधित जानकारी साझा की गई। कार्यशाला में अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव और यूएनडीईएसए के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल और श्रीलंका के साथ भूटान तथा केन्या और घाना से आए अतिथियों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रतिभागी भी कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों और विशेषज्ञों के सुझावों के आदान-प्रदान के माध्यम से सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन और सतत विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *