प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा करने के उद्देश्य से जनपद में 21 नवंबर 2026 से विशेष फार्मर रजिस्ट्री शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से 30 नवंबर 2026 तक जनपद के कुल पीएम-किसान लाभार्थियों में से 75 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता ने संबंधित अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बन पाई है वे अपने निकटवर्ती निर्धारित शिविरों में पहुंचकर जल्द से जल्द अपनी फार्मर आईडी बनवाएं। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने गांवों में कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और शेष रह गए किसानों को शिविरों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिविर में संबंधित क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक यानी पटवारी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। राजस्व उपनिरीक्षक शिविर में फार्मर आईडी के सत्यापनकर्ता के रूप में भी कार्य करेंगे। इसके साथ ही भूमि अभिलेखों और जमीन से संबंधित समस्याओं के निराकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया को सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए कृषि एवं उद्यान विभाग के कार्मिक शिविरों में ऑपरेटर के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा किसानों को आईडी बनाने में आवश्यक सहयोग देंगे। प्रशासन की ओर से सभी ग्राम प्रधानों और किसानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है वे निर्धारित शिविरों में पहुंचकर अपना पंजीकरण और सत्यापन अवश्य करवाएं। इसके लिए किसानों को अपने साथ भूमि से संबंधित अभिलेख यानी खसरा-खतौनी और आधार कार्ड के साथ आधार से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से लाना होगा ताकि पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके। भूमि संबंधी अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या होने पर किसान शिविर में उपस्थित संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक से संपर्क कर उसका निराकरण करवा सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से प्रत्येक किसान की विशिष्ट डिजिटल पहचान तैयार होगी जिससे कृषि संबंधी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाने में सहायता मिलेगी। अपर जिलाधिकारी कमलेश मेहता और मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने सभी संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों से अभियान को सफल बनाने एवं निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समन्वित प्रयास करने की अपील की है।
