प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में नर्सिंग अधिकारियों के लिए जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं हाथों की स्वच्छता विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सेंटिनल निगरानी केंद्र की ओर से राष्ट्रीय एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षित अपशिष्ट निस्तारण के साथ स्वास्थ्य कर्मियों में स्वच्छता संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह की थीम ‘एक स्वास्थ्य एक कदम : एएमआर की रोकथाम आज ही करें’ रखी गई है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने नर्सिंग अधिकारियों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित संग्रहण और वर्गीकरण के साथ परिवहन एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि अस्पतालों से निकलने वाले जैविक एवं संक्रामक कचरे का यदि उचित तरीके से निस्तारण नहीं किया जाता है तो इससे मानव स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी की जिम्मेदारी है कि वह अपशिष्ट प्रबंधन के निर्धारित नियमों का पालन करे। नर्सिंग अधिकारियों को अलग-अलग रंगों के निर्धारित डस्टबिन के उपयोग और उनमें डाले जाने वाले कचरे की जानकारी भी दी गई। सुइयों और रक्त की थैलियों के साथ पट्टियों तथा प्लास्टिक एवं अन्य चिकित्सा अपशिष्ट को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही हाथों की स्वच्छता और सही तरीके से हाथ धोने के महत्व पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि हाथों की उचित स्वच्छता अस्पताल में संक्रमण के प्रसार को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय ने कहा कि अस्पताल में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि स्वास्थ्य कर्मी अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर सकें। प्रशिक्षण में नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विशेषज्ञों से विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। इस मौके पर सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.विनीता रावत और डॉ.जितेंद्र देवराड़ी के साथ सुनील सिंह तथा चंद्रशेखर शर्मा सहित विभाग के अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने प्रशिक्षण टीम और सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ.विनीता रावत सहित उनकी टीम तथा प्रतिभाग करने वाले सभी नर्सिंग अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं हाथों की स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को कार्यस्थल पर प्रभावी रूप से अपनाने की अपील की। संस्थान में प्रशिक्षण के सफल क्रियान्वयन और निगरानी के लिए कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को नोडल अधिकारी तथा सह नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। इस संबंध में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेशभर के अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता एवं संक्रमण की रोकथाम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जैव चिकित्सा अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन और अस्पताल की स्वच्छता के साथ हाथों की स्वच्छता चिकित्सकों तथा सहायक कर्मचारियों और मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्वपूर्ण आधार हैं। एएमआर जैसी गंभीर वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित कर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज अच्छा संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि हर मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में इस तरह की कार्यशालाएं लगातार आयोजित होना आवश्यक है। प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) और संक्रमण नियंत्रण के साथ सुरक्षित अपशिष्ट प्रबंधन के मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं निदेशक चिकित्सा शिक्षा उत्तराखंड डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण केवल चिकित्सकों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही वर्गीकरण और सुरक्षित निस्तारण तथा हाथों की स्वच्छता मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आमजन को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एएमआर की रोकथाम के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। प्रयास किया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेजों एवं संबद्ध चिकित्सालयों में नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को नवीनतम मानकों के अनुरूप दक्ष बनाया जाए।
