प्रदीप कुमार
देवप्रयाग-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। इगास पर्व के पावन अवसर पर 20 नवंबर 2026 को नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की ओर से संगम नगरी देवप्रयाग में भव्य दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगम तट पर एक हजार दीप प्रज्वलित किए गए जिससे पूरा संगम क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम के दौरान भव्य गंगा आरती का भी आयोजन किया गया। उत्तराखंड सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में भाग लिया और मां गंगा की आरती में शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की अध्यक्ष ममता देवी और कीर्तिनगर के उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट सहित नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से इगास पर्व की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के साथ धार्मिक आस्था को उत्साहपूर्वक मनाया गया। दीपों की जगमगाहट और मां गंगा की आरती से संगम तट पर भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।
