Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर श्रीनगर नगर निगम ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इगास पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। नगर निगम परिसर में इगास पर्व को पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर पारंपरिक भैलो खेलो कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित था जिसकी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में स्थित है। उत्तराखंड से उनके पारिवारिक जुड़ाव को देखते हुए उनके परिवार में हुए इस दुखद घटनाक्रम पर क्षेत्र में भी शोक की भावना है। नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। इसी के मद्देनजर नगर निगम की ओर से इगास पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि इगास उत्तराखंड का प्रमुख लोकपर्व है जिसे दीपावली के लगभग 11 दिन बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। इस पर्व पर भैलो जलाने और लोकगीतों तथा पारंपरिक नृत्य के माध्यम से खुशियां मनाने की परंपरा है। श्रीनगर नगर निगम की ओर से भी इस बार निगम परिसर में सामूहिक रूप से इगास मनाने की तैयारी थी लेकिन शोक की इस घड़ी में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *