प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत टिहरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना घनसाली पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट का अनुपालन करते हुए 19 नवंबर 2026 को एक वारंटी को घनसाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कमल लाल पुत्र सोणू लाल निवासी भेटी पट्टी ग्यारहगांव थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 53 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त न्यायालय में विचाराधीन धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश बल्लभ और आरक्षी मुकेश सिंह शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
