प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शुक्रवार को होम्योपैथिक चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता और दवाओं के रखरखाव के साथ मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने बिना अनुमति अवकाश पर जाने के मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण लेने और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला होम्योपैथिक अधिकारी को चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं और उनके स्टॉक के साथ एक्सपायरी तिथि की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं का विवरण स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि पूर्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था नहीं होने की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया था। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू कराई। पेयजल व्यवस्था सुचारू होने पर संबंधित चिकित्साधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी और जनरल वार्ड के साथ महिला वार्ड तथा पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और साफ-सफाई का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची प्रमुखता से चस्पा करने तथा बेडशीट नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में चिकित्सकों के संपर्क नंबर भी प्रदर्शित करने को कहा ताकि मरीज आवश्यकता पड़ने पर संबंधित चिकित्सक से संपर्क कर सकें। अस्पताल भवन और आवासों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने और आवासों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। दवाओं के रखरखाव और स्टॉक प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक में उनकी प्रविष्टि के साथ एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी की जाए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि चिकित्सालयों में चिकित्सकों के अवकाश का निर्धारण रोस्टर के अनुसार किया जाए ताकि मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही संबंधित चिकित्साधिकारी प्रत्येक माह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी आख्या प्रस्तुत करेंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर भी जिलाधिकारी ने चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची संबंधित चिकित्साधिकारी के पास अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। प्रसव से लगभग दो माह पूर्व संबंधित महिला चिकित्सा अधिकारी गर्भवती महिलाओं से नियमित संवाद स्थापित करें ताकि समय रहते स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक परामर्श के साथ सुरक्षित प्रसव की तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें। जिलाधिकारी ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एंबुलेंस में उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की जांच करते हुए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन से संवाद कर आपातकालीन स्थिति में मरीजों को दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा और उनके दायित्वों की जानकारी ली। एंबुलेंस में उपकरणों और दवाओं की उचित व्यवस्था नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले की सभी एंबुलेंसों की तीन दिन के भीतर जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता के साथ स्वच्छता एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि आमजन को समय पर सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल और अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट तथा नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
