Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान करते समय तेज बहाव में बहकर लापता हुए 15 वर्षीय किशोर की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ का संयुक्त सर्च अभियान लगातार जारी है। घटना 19 नवंबर 2026 की है। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को सूचना मिली कि संत सेवा आश्रम के समीप नाव घाट पर गंगा नदी में स्नान करते समय आगरा उत्तर प्रदेश के रोहता निवासी 15 वर्षीय अंश परमार नदी के तेज बहाव में बह गया है। किशोर अपने स्कूल शिक्षक और अन्य बच्चों के साथ भ्रमण पर आया हुआ था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने बिना विलंब किए संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लापता किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की डीप डाइवर्स टीम गंगा नदी में लगातार गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर किशोर की तलाश कर रही हैं। फिलहाल किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और उसकी तलाश में संयुक्त अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *